देसही देवरिया। नौतन हथियागढ़ में चलती बाइक पर रविवार की रात मेें पेड़ की डाल गिरने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मदद के लिए तड़पता रहा। सुबह लोगों ने देख कर शोर मचाया। स्थानीय लोगों के सहयोग से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बात की जानकारी होते ही घर में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव के सुनील सिंह उर्फ विक्की (22) रविवार को बाइक से कहीं गए थे।
रात में तीन बजे के करीब घर लौट रहे थे। गांव के नजदीक नहर वाले मार्ग पर अचानक पेड़ की डाल टूटकर बाइक पर गिर गई। सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए। वह मदद के लिए तड़पते रहे। सुबह लोगों ने देख कर शोर मचाया। सूचना मिलते ही माता इमला देवी, बड़े भाई सोनू सिंह, अमन सिंह आदि मौके पर पहुंचे और गांव के लोगों के सहयोग से महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
एसओ अश्वनी प्रधान ने बताया सड़क हादसे में नौतन हथियागढ़ गांव के बाइक सवार सुनील सिंह उर्फ विक्की की मौत हुई है।