देवरिया। 29 मार्च 1857 को बैरकपुर की धरती पर वीर मंगल पांडेय के आह्वान के बाद अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ भड़की स्वाधीनता की चिंगारी की स्मृति में रविवार को शहर के देवरिया क्लब में पूर्वांचल क्रांति दिवस मनाया गया। इसके बाद शाम को देवरिया सदर रेलवे स्टेशन तक मशाल जुलूस निकाला गया। इसमें राजनेताओं से लेकर आम लोग तक सभी शामिल हुए। स्टेशन पहुंचकर यह जुलूस आम सभा में बदल गया।
शाम ढलते ही देवरिया क्लब परिसर में जुटी भीड़ मशाल हाथ में लेकर आगे बढ़ी। हाथों में जलती मशालें और विकसित देवरिया के नारों के बीच जुलूस सुभाष चौक, कोआपरेटिव चौराहा, नगरपालिका परिषद, तहसील रोड होते हुए देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। कार्यक्रम को देवरिया के सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी, सुरेंद्र चौरसिया, सुरेंद्र कुशवाहा, पंडित गिरीशचंद्र तिवारी ने भी संबोधित किया।