करंट की चपेट से छात्र की मौत
बरहज। क्षेत्र के पैना गांव के पूरब पट्टी में रविवार की शाम को पंखे में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आने से कक्षा सात के छात्र सलमान (15) पुत्र सलाउद्दीन की मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर घर में चीख-पुकार मच गई। पिता सलाउद्दीन विदेश में हैं।
शाम को नाश्ता करने के बाद सलमान अपने कमरे में गया। परिजनों के अनुसार कमरे में रखा टेबल फैन चलाने के लिए उसने स्विच ऑन किया। पंखे में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गया और जमीन पर गिर गया। लोग जब तक कुछ समझ पाते, वह गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सलमान की मौत की जानकारी होने पर मां शकीला पछाड़ खाकर गिर पड़ीं। वह रह-रह कर बेहोश हो जा रही थीं। सलमान चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। थानाध्यक्ष जयशंकर मिश्र ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। संवाद