सलेमपुर। तहसील क्षेत्र के परसिया वंशी उर्फ भरथुआ गांव में मंगलवार की रात करीब नौ बजे चूल्हे से निकली चिंगारी से एक झोपड़ी जलकर खाक हो गई। झोपड़ी में रखा नकदी समेत लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया, जबकि दूसरे हिस्से में बंधी दो भैंसें और एक पड़िया झुलस गईं।
जानकारी के मुताबिक, तहसील क्षेत्र के परसिया वंशी उर्फ भरथुआ निवासी फूलन यादव के घर महिलाएं चूल्हे पर खाना बना रही थीं। इसी दौरान निकली चिंगारी से झोपड़ी में आग लग गई। सूखी फूस और लकड़ी होने के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। परिवार के लोगों ने किसी तरह भागकर जान बचाई, लेकिन तब तक आग पूरे घर को अपनी चपेट में ले चुकी थी।
आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक फर्नीचर, कपड़े, बर्तन, अनाज और करीब 20 हजार रुपये नकद समेत गृहस्थी का सारा सामान जल चुका था। घटना की सूचना पर ग्राम प्रधान रामकृपाल यादव, जिला पंचायत प्रतिनिधि राधारमण कुशवाहा और हल्का लेखपाल प्रियंका विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे।
लेखपाल ने नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार किया। खुखुंदू थानाध्यक्ष दिनेश मिश्रा ने बताया कि आग लगने की सूचना मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। पीड़ित परिवार को आपदा राहत के तहत हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।