देवरिया। जिले के 16 सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्साधिकारियों द्वारा प्रशासनिक पदों से त्यागपत्र देने से उपजा संकट अब सुलझ गया है।
मुख्य विकास अधिकारी की मध्यस्थता से यह चिकित्साधिकारी मान गए हैं। मंगलवार से सभी अपने-अपने कार्यस्थल पर कार्य करने का वचन दिया है।
सीएमओ ने लार, सलेमपुर, भाटपार, रुद्रपुर समेत सात सीएचसी और पीएचसी के चिकित्सा अधीक्षकों का स्थानांतरण कर दिया था। इससे नाराज 16 सीएचसी व पीएचसी के अधीक्षकों ने शनिवार की शाम अपने प्रशासनिक जिम्मेदारियों से त्यागपत्र सीएमओ को सौंप दिया। त्यागपत्र में चिकित्सा कार्य यथावत जारी रखने की बात कही।
रविवार को यह बात सोशल मीडिया के जरिये सार्वजनिक होते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
प्रशासनिक तौर पर भी हलचल बढ़ गई। इस पर एक्शन में आए डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह को मामले को सुलझाने की जिम्मेदारी सौंप दिया।
सीडीओ ने सोमवार की दोपहर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता के साथ त्यागपत्र दिए सभी चिकित्सा अधीक्षकों की बैठक कराई। सीडीओ की मध्यस्थता में दो घंटे तक सीएमओ और चिकित्सा अधीक्षकों में वार्ता चली। इसके बाद चिकित्सा अधीक्षकों ने अपने दायित्वों का नई जगह निर्वहन करने पर सहमति व्यक्त कर दिया।
सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि चिकित्सकों का स्थानांतरण शासन के दिशा निर्देशों के तहत किया गया है।
अभी महज सात अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। धीरे धीरे व्यवस्था के लिए अन्य का भी स्थानांतरण किया जाना है।
जो लोग किसी स्वास्थ्य केंद्र पर अच्छा कार्य कर रहे हैं। वह नई जगह पर और भी अच्छा कार्य करें, जिससे वहां के लोगों को भी स्वास्थ्य सुविधाओं का बेहतर लाभ मिले।
सीएमओ ने कहा कि सभी चिकित्साधिकारी दोपहर में ही अपनी जगह चले गए।