रामपुर कारखाना। शॉर्ट सर्किट से बगीचे में रविवार को आग लग गई। ग्रामीणों की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया।
सुबह बिजली तार के शाॅर्ट सर्किट से डुमरी ग्राम पंचायत के पूरब मठिया मोड़ के पास बगीचे में आग लग गई। पेड़ की पत्तियां सूखी होने के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आसपास के लोग खेतों में फसल काट रहे थे। धुआं उठते देख ग्रामीण बगीचे की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल संजय कुमार, इंद्रजीत वर्मा और पीआरबी पुलिस के सिपाही भी पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने बरियारपुर उपकेंद्र पर जानकारी देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग से दो बांस की कोठी जलकर राख हो गई। हालांकि, आग पर काबू पाने से बड़ी अनहोनी होने से टल गई। क्योंकि पिछले ही वर्ष इसी सरेह में आग लगने से कंबाइन मशीन समेत सैकड़ों एकड़ फसल जल गई थी। इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर पुलिसकर्मी गए थे। संवाद