नकली उपकरण बेचते पकड़ा, केस दर्ज
कंपनी की टीम ने दुकानदार को रंगे हाथ पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
बरियारपुर। क्षेत्र में बृहस्पतिवार को इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रॉनिक की कई दुकानों पर दिल्ली की एक कंपनी ने छापेमारी की। पुलिस की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई में एक दुकानदार से हजारों के नकली उपकरण बरामद किए गए। पुलिस आरोपी दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बरियारपुर के बाजार चौक पर सोनू बैट्री एंड इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। यहां एक नामी कंपनी का टैग लगाकर पंखा बेचने की शिकायत सेल्समैन ने कंपनी को दी थी। दो दिन पूर्व दिल्ली साकेत नगर स्थित कंपनी के टीम लीडर शाकिर अली कर्मियों के साथ शिकायत की जांच करने दुकान पर पहुंचे। टीम ने दुकानदार से उषा का पंखा दिखाने को कहा।
दुकानदार ने जब पंखा दिखाया तो उषा कंपनी के टीम लीडर ने बिल दिखाने के लिए कहा। इस पर दुकानदार इधर-उधर की बातें करने लगा। शिकायत सही पाए जाने पर शाकिर अली ने थाने में तहरीर देकर दुकानदार पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कंपनी के टीम लीडर की तहरीर पर आरोपी दुकानदार पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। एसओ सुभाषचंद्र पांडेय ने बताया कि केस दर्ज कर दुकानदार से पूछताछ की जा रही है।