कोतवाली क्षेत्र के मेंहडा पुरवा निवासी सुरेश विश्वकर्मा ने जनपद न्यायाधीश देवेंद्र सिंह की अदालत में याचिका दाखिल कर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है। जनपद न्यायाधीश ने मामले की सुनवाई करते हुए न्यायालय अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय के यहां अंतरित कर दिया है।
सुरेश विश्वकर्मा का आरोप है कि उनकी पत्नी सुनीता विश्वकर्मा एक फर्म की स्वामी हैं। उनके फर्म ने प्रांतीय निर्माण खंड देवरिया में 35 लाख रुपये का कार्य कराया, जिसका भुगतान होना था।
14 अगस्त 2023 को सुबह 10:30 बजे प्रांतीय खंड कार्यालय में अवर व अधिशासी अभियंता ने उनकी पत्नी को झांसे में लेकर सादे कागज पर हस्ताक्षर करा लिए और बाद में धमकी दिया कि जब तक 40 फीसदी कमीशन नहीं मिलेगा तब तक भुगतान नहीं किया जाएगा।
इस मामले की जानकारी पुलिस के उच्च अधिकारियों को भी दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। न्याय न मिलने पर कोर्ट की शरण में आना पड़ा।