राजकीय इंटर कॉलेज के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में एक छात्र ने कत्थक नृत्य प्रस्तुत किया।
- फोटो : अनूप तिवारी
देवरिया। राजकीय इंटर कॉलेज की स्थापना के 104 पूूर्ण होने पर आयोजित तीन दिवसीय स्थापना दिवस और वार्षिकोत्सव समारोह के अंतिम दिन शनिवार को छात्रों ने प्रभातफेरी निकाली।
झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम में अव्वल रहे छात्रों को पुरस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रामप्रवेश यादव ने कहा कि राजकीय इंटर कॉलेज का गौरवशाली इतिहास है।
यहां से पढ़े बच्चे उच्च पदों पर आसीन हैं। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें। खेलकूद भी जरूरी है। विशिष्ट अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक सप्तम मंडल गोरखपुर सतीश सिंह ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में देवरिया जनपद किसी से पीछे नहीं है। यहां के बच्चे बोर्ड परीक्षाओं में हर बार बेहतर अंक हासिल करते हैं।
इसके पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद यादव ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। प्रधानाचार्य पीके शर्मा की अगुवाई में निकली प्रभातफेरी में उप प्रधानाचार्य महाश्रय शर्मा, जगदीश नारायण सिंह, श्रीप्रकाश तिवारी, गोविंद सिंह के साथ समस्त शिक्षक, छात्र और शिक्षणेत्तर कर्मचारी शामिल हुए। प्रभातफेरी में हाथी-घोड़े तो थे ही स्काउट की ड्रेस में छात्र हाथों में बैनर और तख्तियां लिए हुए चल रहे थे। इन तख्तियों पर भारत माता की जय लिखा था।