भटनी-वाराणसी रेल खंड पर तुर्तीपार हाल्ट स्टेशन के पास की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
भागलपुर। भटनी-वाराणसी रेल खंड स्थित तुर्तीपार हाल्ट स्टेशन के 24 नंबर पुलिया के पास ट्रेन की चपेट में आने से रेवली गांव निवासी अधेड़ की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
लार थाना क्षेत्र के रेवली गांव निवासी हरेराम मिश्र (65) पंजाब में रहते थे। मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कुछ दिन पहले गांव आए थे। बृहस्पतिवार को वह सलेमपुर किसी कार्य से गए थे। वहां से भटनी-वाराणसी पैसेंजर ट्रेन से तुर्तीपार उतरे और गांव के लिए रेल लाइन के पास से जा रहे थे। इसी बीच पीछे से आ रही दादर एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से पुलिया नंबर 24 के नीचे गिर गए। सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। सूचना पर भागलपुर चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भागलपुर चौकी प्रभारी सदगुरु मिश्रा ने बताया कि ट्रेन से उतरकर जा रहे थे। ट्रेन की चपेट में आने से गिर गए, चोट आने से मौत हो गई।