परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप, दो दिन पहले आइस्क्रीम फैक्टरी के मैनेजर सहित कुछ लोगों ने की थी पिटाई
तीन दिन से बंद थी आइस्क्रीम फैक्टरी, मां ने हत्या करने की कही बात
संवाद न्यूज एजेंसी
गौरी बाजार। गौरी बाजार में स्थित एक आइस्क्रीम फैक्टरी में कार्य कर रहे मजदूर की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने फैक्टरी के मैनेजर सहित अन्य लोगों द्वारा मारपीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उपनगर स्थित एक आइस्क्रीम फैक्टरी में गोरखपुर जनपद के गगहा थाना क्षेत्र के ग्राम जीवकर निवासी प्रदीप यादव (25) पुत्र रामकोमल यादव काम करता था। सोमवार को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। स्थानीय थाने में दी गई तारीख में मृतक के पिता राम कमल यादव ने कहा है कि सोमवार की सुबह उन्हें आइस्क्रीम फैक्टरी की देखरेख करने वाले मानसिंह ने फोन पर सूचना दी कि उनके पुत्र की विद्युत स्पर्शाघात से मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पुत्र ने दो दिन पहले अपनी मां से बताया था कि आइस्क्रीम फैक्टरी के मैनेजर सहित कुछ लोग उसे मारते-पीटते हैं। आइस्क्रीम फैक्टरी तीन दिन से बंद भी थी। मेरे पुत्र की मारपीट कर हत्या की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।