ट्रैक्टर की चपेट में आने से मजदूर की मौत
मोहरा गांव में खेत में जोताई के दौरान हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
बरहज। मदनपुर थाना क्षेत्र के मोहरा गांव में रविवार को खेत में जोताई करने के दौरान ट्रैक्टर की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बरांव गांव निवासी अनिल (28) पुत्र पतिराज प्रसाद ट्रैक्टर से खेत की जोताई कर रहा था। अचानक ट्रैक्टर से असंतुलित होकर वह नीचे गिर गया। ट्रैक्टर से लगे हल की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। खेत में काम कर रहे अन्य मजदूर उस ओर दौड़े। सूचना अनिल के घरवालों को दी। अनिल की मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। पत्नी संध्या दहाड़ें मारकर रोने लगी। पुत्र अभय और सुंदरी पिता के शव को एकटक निहार रहे थे। मौके पर पुलिस ने ट्रैक्टर और शव को कब्जे में ले लिया। एसओ मदनपुर त्रिवेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि शव को अंत्यपरीक्षण के लिए भेजा गया है।