- महिला की साड़ी में मिला कागज का टुकड़ा, पति के नाम से लिखी थी हत्या की बात
- सलेमपुर का मामला, 11 साल पहले हुई थी शादी, नहीं थी कोई संतान
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर (देवरिया)। सलेमपुर-बरहज रेलवे ट्रैक पर रविवार की सुबह कोतवाली क्षेत्र के माहथापार गांव निवासी जितेंद्र कुशवाहा नाम के युवक का शव मिला। वहीं, जितेंद्र की पत्नी बेबी का शव बेडरूम में मिला। बेबी की साड़ी में फंसा एक कागज का टुकड़ा भी मिला है जिसमें जितेंद्र के नाम से हत्या की बात कबूल की गई है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है कि लिखावट जितेंद्र की है या नहीं। बेबी के शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं मिले हैं।
सलेमपुर कोतवाली पुलिस को रविवार की सुबह 7:30 बजे रेलवे स्टेशन से मेमो मिला कि बुद्धिराम गढ़वा गांव के पास सलेमपुर-बरहज रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी है। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां भीड़ जुटी हुई थी। भीड़ में शामिल माहथापार गांव निवासी उमेश कुशवाहा ने शव की पहचान अपने छोटे भाई जितेंद्र (32) के रूप में की।
कोतवाल के मुताबिक उमेश ने जितेंद्र का रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना परिवार के लोगों को दी। इसके बाद उमेश की पत्नी जितेंद्र के कमरे में पहुंची तो बेड पर देवरानी बेबी (28) का शव पड़ा देखा। उसने इसकी जानकारी पति को दी। इसके बाद एसपी विक्रांत वीर, सीओ दीपक शुक्ला और नायब तहसीलदार गोपालजी जितेंद्र के घर पहुंचे।
पुलिस की जांच में बेबी की साड़ी से कागज का एक टुकड़ा मिला जिसमें जितेंद्र के नाम से बेबी की हत्या की बात लिखी थी। कहा गया था कि वह परिवार को फंसाना चाहती थी इसलिए उसे मार डाला। फिलहाल, पुलिस टीम कागज पर मिली लिखावट और अन्य बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है। जितेंद्र के भाई उमेश ने बताया कि वे तीनों भाई अलग-अलग रहते थे। परिवार में कोई विवाद नहीं था। ऐसी घटना कैसे हो गई समझ में नहीं आ रहा। दूसरी तरफ बेबी के पिता ने संपत्ति के लिए बेटी-दामाद की हत्या का आरोप लगाया है।
......
कोट
मामले की जांच चल रही है। कागज पर हत्या की बात लिखी मिली उसकी भी जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, कोई तहरीर नहीं मिली है।
- दीपक शुक्ला, सीओ सलेमपुर