कार्यालय में अफरा-तफरी का रहा माहौल, ठेकेदार पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के प्रांतीय खंड के सहायक अधिशासी अभियंता क्षितिज जायसवाल ने विभागीय ठेकेदार नुरूल होदा उर्फ भलाऊ पर उनके कार्यालय में घुसकर गला दबा कर मारने की कोशिश और पीटने का आरोप लगाया है। रविवार को अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने ठेकेदार पर मारपीट, सरकारी काम में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
अभियंता क्षितिज जायसवाल की ओर से रविवार को पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, शनिवार की शाम करीब छह बजे वह अपने कक्ष में विभागीय कार्य निपटा रहे थे। इसी बीच महुआबारी निवासी ठेकेदार नुरूल होदा उर्फ भलाऊ पहुंचे और उनसे रुपये की मांग करते हुए विवाद करने लगा। विरोध करने पर गला दबाकर जान लेने की कोशिश की। सरकारी अभिलेख भी फाड़ दिए। शोर सुनकर आसपास कार्यालय में मौजूद जेई व अन्य कर्मचारी पहुंचे तो ठेकेदार भाग गया।
अभियंता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने रविवार को ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। सीओ सिटी संजय रेड्डी ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।