पिता के हाथ से मासूम को छीनकर दीवार से सिर लड़ाया, मौत
शहर के साकेत नगर मोहल्ले की घटना, रास्ते का विवाद बताया जा रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। शहर के साकेतनगर पूर्वी मोहल्ले में सोमवार की सुबह रास्ते के विवाद में एक मासूम की कुछ लोगों ने पिता के हाथों से छीनकर दीवार से सिर लड़ाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है।
सदर कोतवाली के साकेत नगर मोहल्ला निवासी राजन जायसवाल सुबह करीब साढ़े नौ बजे डेढ़ साल के पुत्र कान्हा की तबीयत खराब होने पर गोद में लेकर इलाज के लिए घर से निकले थे। घर के पास सड़क पर पानी भरा हुआ था। वह बगल के रास्ते पर चली दीवार को पार कर जा रहे थे। इसी दौरान दीवार खड़ी करने वाले एक व्यक्ति का राजन से विवाद हो गया। दोनों लोगों के बीच कहासुनी होने लगी और हाथापाई शुरू हो गई।
आरोप है कि उस व्यक्ति ने कान्हा को पिता के हाथ से छीन लिया और दीवार से उसका सिर लड़ा दिया। इससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। घायल पुत्र को लेकर पिता जिला अस्पताल की इमरजेंसी पर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। कान्हा की मां की 26 सितंबर को मौत हो चुकी है।
इस संबंध में कोतवाल मृत्युंजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तहरीर तो नहीं मिली है, लेकिन पिता ने आरोप लगाते हुए शिकायत की है। मंगलवार को तहरीर देने की बात पीड़ित ने कही है।
कोट
मासूम की मौत के प्रकरण में पीड़ित पक्ष से बात हुई है। मंगलवार की सुबह तहरीर देने की बात मासूम के पिता ने कही है। मासूम के सिर पर चोट के निशान दिख रहे थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सच सामने आ जाएगा। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-श्रीयश त्रिपाठी, सीओ सदर
घटना को लेकर उठे रहे सवाल
देवरिया। जिस पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है, उस पक्ष के एक व्यक्ति को कोतवाली पुलिस ने बैठाया है। उसने ही 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को बुलाया था। आरोपी पक्ष का कहना है कि बच्चे की भोर में मौत हो गई थी। केवल रास्ते का विवाद है। इसी को लेकर फंसाने के लिए आरोप लगाया जा रहा है।