युवा व्यवसायी रहस्यमय परिस्थिति में लापता
वार्ड छह के मोहम्मद जेया स्कूटी से रामपुर चौराहा गए थे
संवाद न्यूज एजेंसी
गौरीबाजार। नगर पंचायत गौरीबाजार के युवा व्यवसायी के रामपुर चौराहे से अचानक लापता होने का रहस्य गहराता जा रहा है। परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताई है। इस मामले में तहरीर गौरी बाजार थाने में दी गई है।
नगर पंचायत वार्ड संख्या छह निवासी नूरुल इस्लाम ने तहरीर में कहा है कि उनका भाई मोहम्मद जेया उर्फ शेखू पुत्र रेयाज अहमद शुक्रवार को सुबह दस बजे स्कूटी से रामपुर चौराहा पर गया। वहां स्थित एक शू हाउस पर स्कूटी खड़ी कर वह चला गया। मोबाईल पर शू दुकानदार को देवरिया जाने की बात बताई। घर से निकलने के कुछ समय बाद किसी काम से परिजनों ने काल किया तो शेखू का मोबाइल स्विच आफ बताने लगा। देर रात तक वह जब घर नहीं लौटा तो परिजन चिंतित हो गए।
परिचितों एवं रिश्तेदारों से भी पूछताछ की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद शनिवार को पुलिस को तरीर देकर कार्रवाई की मांग की। शेखू फुट वियर व्यवसाय के साथ प्रापर्टी डीलिंग के कार्य से भी जुड़ा है। थानाध्यक्ष विपिन मलिक ने बताया कि मामला संज्ञान में है। घटना की छानबीन की जा रही है।