तरकुलवा। कस्बा स्थित सराफा व्यापारी ने एक महिला के गिरवी रखे सोने के जेवरात हड़प लिए। पीड़िता ने दो प्रतिशत ब्याज सहित मूलधन चुका दिया था, लेकिन व्यापारी जेवर गला देने की बात कहकर लौटाने से मुकर गया और अपने दो बेटे व बेटी के साथ मिलकर महिला को अपशब्द कहते हुए भगा दिया। आरोप है कि उसने महिला से 25 हजार रुपये व सभी पर्ची भी छीन लिए। इस मामले में पुलिस ने सराफा व्यापारी, उसके दो बेटे और एक बेटी पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।
थाना क्षेत्र के कंचनपुर के नकहवा टोला की रहने वाली ममता देवी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्होंने कस्बा स्थित सत्यम ज्वेलर्स नाम की ज्वेलरी की दुकान में पांच थन सोना और एक थन चांदी के जेवर अलग-अलग तारीखों में कल 70 हजार रुपये में दो प्रतिशत ब्याज पर गिरवी रखा था। पीड़िता ने बताया कि उन्होंने 25 हजार रुपये देकर अपने आभूषण दुकानदार से मांगे तो उसने जेवरात को गला देने की बात करते हुए उनको अपशब्द कहे और अपने दो बेटों और एक बेटी के साथ मिलकर उसके हाथ से 25 हजार रुपये व सभी पर्ची छीन लिए। साथ ही उसने अपनी दुकान से धक्का मारकर भगा दिया। इस मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर सराफा व्यापारी प्रहलाद वर्मा, उसके दो बेटों और एक बेटी के खिलाफ विश्वासघात, लूट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि जेवरात हड़पने के मामले व्यापारी सहित चार लोगों पर गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।