भटनी। क्षेत्र के भरहेचौरा और मोतीपुर भुआल गांव के बीच बहने वाली छोटी गंडक नदी पर करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से पक्का पुल बनेगा।
रविवार को सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र चौरसिया और भाटपाररानी विधायक सभा कुंवर कुशवाहा ने भूमि पूजन व शिलान्यास कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। पुल बनने से रामपुर कारखाना और भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्र के बीच आवागमन आसान होगा और विकास को नई गति मिलेगी। वहीं बिहार की दूरी भी कम हो जाएगी। पुल निर्माण कार्य शुरू पर लोगों ने खुशी जताई है। भटनी के भरहेचौरा और मोतीपुर भुआल के बीच नदी होने के कारण लोगों को आवागमन के लिए करीब 12 किमी लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। जिला पंचायत सदस्य अजित सिंह समेत क्षेत्रीय लोगों की मांग पर विधायक ने इसे अपनी कार्ययोजना में शामिल कराया और शासन स्तर से स्वीकृति दिलाई। अब पुल निर्माण शुरू होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।