रामपुर कारखाना। स्थानीय थाना क्षेत्र के मुंडेरा लाला कब्रिस्तान में करीब 20 फीट लंबा एक अजगर एक सप्ताह से डेरा जमाए था। ग्रामीणों के मुताबिक उसे सियार और कुत्तों ने नोचकर घायल कर दिया था।
शब-ए-बरात के मौके पर मंगलवार को कब्रिस्तान की साफ सफाई के दौरान ग्रामीणों की नजर घायल अजगर पर पड़ी। गांव के रवि प्रताप शर्मा ने इस बात की जानकारी वन विभाग को दिया।
बुधवार की दोपहर तक कर्मचारी नहीं पहुंचे। इसके बाद गांव के युवक रवि शर्मा के नेतृत्व में कब्रिस्तान पहुंचे और कड़ी मशक्कत से खुदाई कर अजगर को बाहर निकाला। शाम को वन विभाग के कर्मचारी गांव पहुंचे और अजगर को अपने कब्जे में लेकर जंगल में छोड़ने चले गए।