देवरिया। शहर में सड़क हादसे के बाद समझौते की बातचीत के दौरान मामला बिगड़ गया। एक युवक ने पुलिस की मौजूदगी में ही लाइसेंसी रायफल से कई राउंड गोलियां चला दीं। इससे अफरातफरी मच गई। इस मामले में पुलिस ने एक नामजद समेत 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया।
रविवार की देर रात एक कार बेकाबू होकर शहर कई कई जगहों पर भिड़ने के बाद न्यू कॅालोनी मोहल्ले में खड़ी दूसरी कार से जा टकराई। इससे बेकाबू कार के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी का एअर बैग खुल गया। इससे चालक और गाड़ी में सवार अन्य लोग सुरक्षित बच निकले। हादसे के बाद दोनों कार चालकों के बीच विवाद हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। पुलिस हादसे की शिकार गाड़ी को कोतवाली ले जा रही थी। इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोग नाराज हो गए। हादसे के बाद कुछ लोग समझौते का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के रहने वाले एक युवक ने अपने मित्रों के साथ असलहे से फायरिंग शुरू कर दी। गोली की आवाज सुनकर पुलिस सतर्क हो गई। घटना के बाद न्यू कॅालोनी निवासी खड़ी कार के चालक विनय कुमार भगत ने बेकाबू कार चालक पर लापरवाही से गाड़ी चलाने की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गाड़ी नंबर और अज्ञात चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। वहीं घटनास्थल पर लाइसेंसी रायफल से फायरिंग करने के मामले में अशोक मणि त्रिपाठी की तहरीर पर बंटी पांडेय समेत दस लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल श्रीधराचार्य पांडेय ने बताया कि लाइसेंसी असलहे से फायरिंग होने की सूचना मिली है। जांच की जा रही है। आरोपी बंटी पांडेय के ऊपर कई केस दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास जुटाया जा रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।