सलेमपुर। नाली की सफाई को लेकर हुए विवाद में बृहस्पतिवार को बीडीसी सदस्य ने युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हो गया।
लार क्षेत्र के हरखौली गांव निवासी कैलाश यादव के दरवाजे पर गांव के बीडीसी सदस्य संजय यादव की नाली का पानी बहता है। इसको लेकर दो वर्षों से विवाद चल रहा है। दिवाली पर कैलाश का बेटा प्रेमचंद्र यादव दोपहर में अपने दरवाजे की सफाई कर रहा था। सफाई के दौरान प्रेमचंद्र ने नाली का पानी बंद कर दिया। इससे नाराज बीडीसी सदस्य ने प्रेमचंद्र की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। खून से लथपथ घायल को लोग सीएचसी पहुंचाए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना के वक्त प्रेमचंद्र के परिवार के अधिकांश सदस्य घोठा पर थे। घटना के बाद बीडीसी सदस्य और उसका पूरा कुनबा घर में ताला जड़कर फरार हो गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर मिलते ही घर वालों में कोहराम मच गया। उधर, सीओ ने घटनास्थल का जायजा लिया।