सलेमपुर। मस्तिष्क ज्वर और एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिन्ड्रोम (एईएस) से पीड़ित बच्ची और एक युवक की मौत शुक्रवार को इलाज के दौरान हो गई। इसकी खबर मिलते ही शनिवार को चिकित्सकों की टीम एईएस से मरी बच्ची के गांव पहुंची और मच्छरमार दवा का छिड़काव कराकर लोगों में क्लोरीन की गोली का वितरण किया।
पयासी गांव के नगवा टोला निवासी राकेश राजभर की छह वर्षीय बच्ची सोनम को एक हप्ते पहले हल्का बुखार आया। घरवाले उसका इलाज एक निजी चिकित्सक के यहां कराए। राहत नहीं मिलने पर तीन दिन पूर्व सीएचसी लेकर पहुंचे। सीएचसी के चिकित्सक ने लक्षण के आधार पर उसे रेफर कर दिया। एक दिन जिला अस्पताल में बच्ची का इलाज चला। हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल के चिकित्सक ने उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इलाज के दौरान शुक्रवार की शाम को मौत हो गई। इसके अलावा लार नगर के चौक मोहल्ला निवासी 25 वर्षीय अलाउद्दीन का तीन रोज पूर्व अचानक तबीयत खराब हुई। घरवाले उसका इलाज गाजीपुर के एक अस्पताल में करा रहे थे। इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। जांच रिपोर्ट के अनुसार वह मस्तिष्क ज्वर से पीड़ित था।
सलेमपुर सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. उमेश चन्द्रा के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम नगवा टोला पहुंची और गांव में फैली गंदगी को साफ सफाई करने का निर्देश प्रधान को दिया। इसके अलावा गांव में छिड़काव भी किया गया।