देवरिया। खुखुंदू क्षेत्र में ग्राम पंचायत की खुली बैठक में बवाल हो गया। मारपीट के दौरान प्रधान सहित छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने अस्पताल में पहुंचाकर एक युवक को हिरासत में ले लिया। विवाद के दौरान भगदड़ मच गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मंगराईच गांव में डीह स्थान पर सफाई को लेकर कुछ लोग नाराज चल रहे थे। रविवार को विकास कार्य पर चर्चा के लिए प्राथमिक विद्यालय पर खुली बैठक बुलाई गई थी। किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू होने लगी। मारपीट के दौरान प्रधान जगदीश यादव, रामानंद, रुद्रल, रामचंद्र यादव, धीरेन्द्र और श्रवण घायल हो गए। किसी ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचा। प्रधान का कहना है कि खुली बैठक चल रही थी विकास कार्यों की चर्चा हो रही थी। अन्य लोगों से प्रस्ताव मांगा जा रहा था। करीब तीन सौ लोग मौजूद थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। एसओ खुखुंदू ने बताया कि मारपीट हुई है। किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक व्यक्ति पुलिस की हिरासत में है।