सलेमपुर। सार्वजनिक पोखरी से अतिक्रमण हटाने को लेकर सोमवार को लार थाना गेट पर शिक्षक राघव शरण तिवारी ने गांववालों के साथ भूख हड़ताल शुरू कर दी। प्रशासनिक दबाव को देखते हुए और नायब तहसीलदार के आश्वासन पर शिक्षक ने दो घंटे बाद भूख हड़ताल समाप्त कर दिया।
लार थाना क्षेत्र के उकिना गांव निवासी शिक्षक राघव शरण तिवारी का आरोप है कि ग्रामसभा की पोखरी पर गांव के कुछ दबंग किस्म के लोग वर्षों से अतिक्रमण किए हैं। कमिश्नर, डीएम और एसडीएम के आदेश के बावजूद भी हलका लेखपाल पैमाइश कर अतिक्रमण नहीं हटा रहा है। इससे क्षुब्ध होकर शिक्षक राघव शरण तिवारी के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण हाथ में तख्ती लिए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए थाने गेट पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों के पहुंचते ही पुलिस वालों में खलबली मच गई और इंस्पेक्टर भूख हड़ताल का कार्यक्रम टालने के लिए दबाव बनाने लगे। लेकिन आक्रोशित शिक्षक पुलिस की एक नहीं सुनी और भूख हड़ताल पर बैठ गए। इससे प्रशासन की बेचैनी बढ़ गई। डोल मेला का हवाला देते हुए भूख हड़ताल समाप्त कराने गए सीओ को बैरंग लौटना पड़ा। प्रशासन के बढ़ते दबाव को देखते हुए नायब तहसीलदार राजाराम विश्वकर्मा ने पांच सितंबर के अंदर पोखरी से अतिक्रमण खाली कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद शिक्षक भूख हड़ताल तोड़ा। इस बाबत नायब तहसीलदार राजाराम विश्वकर्मा ने बताया कि लेखपाल की लापरवाही से अतिक्रमण हटाने में विलंब हुआ। पांच सितंबर के अंदर पोखरी से अतिक्रमण खाली करा दिया जाएगा। धरना देने वालों में कुंज बिहारी सिंह, चन्द्रभूषण तिवारी, अरुण पांडेय, कमलेश तिवारी आदि मौजूद रहे।