भाटपाररानी। शस्त्र के बल पर बदमाशों ने बुधवार की रात सर्राफा की दुकान का शटर तोड़कर रुपये और जेवरात से भरी तिजोरी उठा ले गए। तिजोरी में 35 हजार रुपया नकद सहित सात लाख रुपये के जेवर थे। पुलिस ने बेलपार ताल से टूटी हुई तिजोरी बरामद कर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
नगर के उपाध्याय कालोनी निवासी अमरदीप वर्मा बेलपार चौराहा पर आभूषण की दुकान किए हैं। रोज की तरह बुधवार की शाम दुकान बंदकर घर चले गये। छह की संख्या में पहुंचे हथियारबंद बदमाशों ने शटर का ताला तोड़कर तिजोरी निकालने लगे। खटपट की आवाज सुनकर आसपास के लोग शोर मचाने लगे। हथियारों से लैस बदमाशों ने लोगों को दौड़ा लिया। इसके बाद बदमाश तिजोरी उठा ले गए। लोगों के सूचना देने के एक घंटे बाद पुलिस पहुंची। पुलिस ने आनन-फानन में घेराबंदी कर लुटेरों को पकड़ने की कोशिश की। लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो सभी बदमाश नकाबपोश युवा थे और उनके शस्त्रों से लैस थे। तिजोरी ले जाने का विरोध करने पर जान से मारने के लिए दौड़ा लिए। दुकानदार के अनुसार तिजोरी में रखा 35 हजार रुपया नकद, चार किलोग्राम चांदी का आभूषण, 200 ग्राम सोेने का आभूषण, पांच ग्राम सोने का मंगटीका सहित बंधक रखे कुछ जेवर थे।
चोरी गए सामान की कीमत सात लाख रुपया है। इस बाबत एसओ ब्रजेश यादव ने बताया कि दुकानदार के तहरीर पर चोरी का केस दर्जकर लिया गया है।