बरहज। भागलपुर विकास क्षेत्र के बंजरिया गांव में शुक्रवार को काम रहे मनरेगा की महिला मजदूरों को प्रधान के पति और एक ग्राम पंचायत सदस्य ने कार्यस्थल से भगा दिया। ऐसा माप से अधिक कार्य कराये जाने पर मजदूरों के विरोध करने पर हुआ। नाराज मजदूरों ने तहसील पर पहुंच ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य के विरोध में नारेबाजी की। एसडीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। बंजरिया गांव के मनरेगा मजदूर शुक्रवार को कार्य कर रहे थे। ग्राम प्रधान के पति और एक ग्राम पंचायत सदस्य मजदूरों से तय माप से अधिक कार्य करने का दबाव बनाने लगे। मजदूरों ने जब इंकार किया तो दोनों ने उनको अपशब्दों का प्रयोग करते हुए मारने-पीटने की धमकी देते हुए कार्यस्थल से भगा दिया। मजदूर तहसील पर पहुंच दोनों के विरोध में जमकर नारेबाजी की। एसडीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। मालती देवी, गुड्डी देवी ने बताया कि प्रधान के पति और पंचायत सदस्य अक्सर कार्यों को लेकर उन पर दबाव बनाते हैं। अतिरिक्त कार्य करने से मना करने पर कभी मजदूरी नहीं देने तो कभी कार्य नहीं कराने की धमकी देते हैं। ज्ञापन देने वालों मेें पानमती देवी, रमावती, कैलाशी देवी, मीना, राधिका, इंद्रावती, कुसुम, लक्ष्मीना, केसरी, धुरली देवी, देवंती, भुवनी देवी आदि शामिल हैं। वहीं प्रधान के पति जयप्रकाश गुप्ता ने बताया कि थोड़ी सी जमीन को समतल करने को कहा गया था। इसी बात को लेकर मजदूर चले गये। भगाने की बात निराधार है।