देवरिया। जिले के चयनित 100 गांवों के लोगों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। 16 से 27 दिसंबर तक चलने वाले इस जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ सीएमओ हरी झंडी दिखाकर करेंगे। नुक्कड़ नाटक की टीम मंच के माध्यम से लोगों को एचआईवी एड्स के प्रति जागरूक करेगी। उन्हीं गांवों का चयन किया गया है, जहां के अधिक संख्या में लोग परदेश में रहते हैं।
देवरिया जिले में एड्स रोगियों की संख्या अधिक है। गरीबी के चलते यहां के लोग दूसरे प्रदेशों में जाकर रोजी-रोजगार करते हैं। इसके चलते यह जिला एड्स के मामले में संवेदनशील हो गया है। इसको देखते हुए उत्तर-प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी और जिला चिकित्सालय के सहयोग से जिले के चयनित 100 गांवों के लोगों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से एड्स के प्रति जागरूक किया जाएगा। 16 से 27 दिसंबर के बीच चलने वाले इस कार्यक्रम की शुरुआत सदर, देसही देवरिया, बैतालपुर, भाटपाररानी और भटनी विकास खंड से होगी। सीएमओ डॉ. एएन तिवारी चयनित नुक्कड़ नाटक टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। जिला एड्स कार्यक्रम के प्रबंधक राकेश कुमार तिवारी ने बताया कि इससे लोगों को जानकारी मिलेगी और लोग इस जानलेवा बीमारी के प्रति जागरूक होंगे।
इन ब्लॉकों में जाएंगी ये टीमें
देसही देवरिया, पथरदेवा, रुद्रपुर और देवरिया सदर में श्रीमंत संस्कृति सेवा संस्थान 34/302 गंधार, सहारा स्टेट्स, जानकीपुरम, लखनऊ की टीम नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करेंगी। देवरिया सदर, रामपुर कारखाना, तरकुलवा और बैतालपुर ब्लॉक के लिए शैलेंद्र कुमार आजाद, रंगालय अकॉडमी ऑफ आर्ट्स एंड कल्चरल सोसायटी 149 कानूनगोयान निकट कन्या डिग्री कॉलेज भूड़, बरेली का चयन हुआ है। बैतालपुर, गौरीबाजार, बनकटा और भाटपाररानी विकास खंड के गांवों में नुक्कड़ नाटक की जिम्मेदारी, सुश्री कीर्ति गौतम तरंग सेवा संस्थान, 127/219 करपत्री नगर जुही बरादेवी, हमीरपुर रोड कानपुर नगर को मिली है। भाटपाररानी, लार, सलेमपुर और भटनी ब्लॉक में मोहित कुमार सक्सेना युगांधर थिएटर सांस्कृतिक संस्था 106/ए पकड़िया, नाथ मंदिर, भूड़, बरेली की टीम नुक्कड़ नाटक कर जागरूक करेगी। भटनी, भागलपुर, बरहज और भलुअनी ब्लॉक के चयनित गांवों में मनीषा छुट्टानी स्किल वोलकानी यूथ इंटरटेनिंग एसोसिएशन 496/160 छोटा चंदनगंज, लखनऊ की टीम पहुंचेगी।
सदर और गौरीबाजार के दस-दस गांव हैं चयनित
जागरूकता कार्यक्रम के लिए देवरिया सदर और गौरीबाजार ब्लॉक के दस-दस गांवों का चयन किया गया है। इसके अतिरिक्त अन्य ब्लॉकों में कहीं आठ, सात, छह और पांच गांव शामिल हैं।
कोट
चयनित गांवों में टीम जाकर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को एड्स के बारे में जानकारी देगी। इसके साथ ही लोगों को इससे बचाव के बारे में जानकारी दी जाएगी। इस कार्यक्रम का पर्यवेक्षण वह स्वयं करेंगे।
- डॉ. एएन तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, देवरिया।