देवरिया। देसही देवरिया ब्लॉक मुख्यालय पर मड़पा गांव के लोगों ने कोटेदार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शनिवार को कोटेदार के दुर्व्यवहार से नाराज लोगों ने ब्लॉक मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। गांववालों का आरोप था कि कोटेदार अनाज और मिट्टी तेल वितरण में अनियमितता के साथ ही अधिक दाम ले रहा है। बीडीओ के पत्रक लेने से इंकार करने पर गांववालों ने उनके खिलाफ भी जमकर नारे लगाए।
मड़पा और भगवानपुर गांव के लोग मड़पा टोला निवासी कोटेदार श्रीराम प्रसाद के घर मिट्टी का तेल लेने गए थे। गांववालों का आरोप था कि कोटेदार तीन लीटर की जगह ढाई लीटर मिट्टी तेल दे रहा था और कार्ड पर तीन लीटर अंकित कर रहा था। इसके साथ ही निर्धारित दर से अधिक 20 रुपये वसूल रहा था। इसका विरोध करने पर वह मारपीट पर आमादा हो गया और दुर्व्यवहार करने लगा। इससे नाराज होकर गांववाले गैलन लेकर ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे। यहां बीडीओ राम औतार राम से लिखित शिकायत की। गांववालों का कहना था कि मिट्टी का तेल 20 रुपये और नमक 10 रुपये प्रति किलोग्राम दे रहा है। जबकि मिट्टी तेल 17 रुपये प्रति लीटर से भी कुछ कम है। गांववालों ने गरीबों को दिए जाने वाले अनाज में घटतौली करने का आरोप लगाया। रामकिशुन यादव और बखेरी का राशन कार्ड कोटेदार ने तीन माह से रख लिया है। वह न तो राशन दे रहा है और न ही कार्ड। तीन माह से चीनी वितरण नहीं करने का आरोप लगाया। बीडीओ ने गांववालों को एसडीएम के पास जाने को कहा। इससे नाराज होकर गांववाले ब्लॉक गेट पर धरना-प्रदर्शन करने लगे। गांववालों ने बीडीओ के खिलाफ भी जमकर नारे लगाए। इस दौरान गांव के आशुतोष, अनिल, सत्तन कुमार, सत्यनारायण, आबिदा हुसैन, दुर्गेश, राकेश, बृजेश प्रसाद, अजय, राहुल, सरताज खां, पिंटू यादव, पन्नेलाल आदि मौजूद रहे। इस बाबत बीडीओ राम औतार राम ने बताया कि मैंने गांववालों को समझाया कि इसकी शिकायत एसडीएम से करें या मंगलवार को तहसील दिवस में करें। वहीं इसकी जांच होगी। इसी बात पर गांववाले नाराज हो गए।