फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसानों की समस्याओं पर भाजपा उतरी सड़क पर

Sun, 15 Dec 2013 05:42 AM IST
Deoria
विज्ञापन
विज्ञापन
देवरिया। किसानों की समस्याओें को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को मालवीय रोड में विशाल धरना और प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं के निशाने पर प्रदेश और केंद्र की यूपीए सरकार रही। किसानों की दुर्दशा के लिए इन दोनों सरकारों को जिम्मेदार ठहराया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने दस दिन में गन्ना मूल्य भुगतान नहीं होने पर बड़े आंदोलन और गन्ना आयुक्त कार्यालय पर ताला जड़ने करने की चेतावनी दी, वहीं एक सप्ताह में धान की खरीद नहीं होने पर कलेक्ट्रेट में धान गिराने और वहीं खाना बनाने और खाने का एलान किया।
विज्ञापन

इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कहा कि चीनी मिल मालिकों और सरकार के बीच सांठगांठ के चलते किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान नहीं हो पा रहा है। गन्ना मूल्य भुगतान के लिए प्रदेश सरकार के पास दस का समय बचा हुआ है। यदि इस बीच भुगतान नहीं हुआ तो भाजपा गन्ना आयुक्त कार्यालय पर ताला जड़ेगी। उन्होंने कहा कि यदि धान की खरीद नहीं हो रही है तो जिला प्रशासन चैन से नहीं रहने पाएगा। एक सप्ताह के अंदर धान की खरीद नहीं हुई तो किसान और भाजपा कार्यकर्ता डीएम कार्यालय पर धान गिरा देंगे। वहीं किसान खाना बनाए और खाएंगे। इसमें जिलाधिकारी को भी बैठा लिया जाएगा। इसके बाद भी मामला नहीं बनता है तो आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी और डीएम कार्यालय पर ताला जड़ दिया जाएगा। उन्होेंने कहा कि सरकार ने मिल मालिकों का 879 करोड़ रुपये का बकाया माफ कर दिया लेकिन किसानों के 2300 करोड़ बकाए की चिंता उसे नहीं है। मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली सपा भगवान बुद्ध की मूर्ति लगाने का ढोंग कर रही है। गुजरात के मुख्यमंत्री और पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री पद उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि 11 वर्षों में उन्होंने राज्य की स्थिति सुधार दी है। वहां 24 घंटे बिजली मिलती है। कहीं भी बेफिक्र रहा जा सकता है। उन्होंने मंच से हर-हर मोदी, घर-घर मोदी का नारा दिया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि कुशीनगर में मैत्रेय का शिलान्यास करने आए मुख्यमंत्री ने कुशीनगर और देवरिया के गन्ना किसानों के बारे में कुछ नहीं बोला। वर्ष 2004 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की ओर से दादरी में किए गए शिलान्यास की बात करते हुए उन्होंने कहा कि वहां के किसानों की साढ़े चार हजार एकड़ जमीन औने-पौने दाम पर ले ली गई। दस वर्ष बाद भी प्रोजेक्ट बनकर तैयार नहीं हुआ। यही हाल मैत्रेय का भी है। 50 किलोमीटर तक कोई उद्योग नहीं लग पाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार पैकेज किसानों को नहीं मिल मालिकों को दे रही है। उन्होंने कहा कि किसान भीख नहीं अपना हक मांग रहा है। देवरिया का किसान आत्महत्या नहीं करेगा। वह सरकार से लड़ेगा। उन्होंने कहा कि साधन सहकारी समितियों ने किसानों की कमर तोड़ दी है। किसानों के 450 करोड़ रुपये बकाया हैं। उन्होंने कहा कि सोनिया संस्कृति के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। देश की परंपराओं के साथ खिलवाड़ भाजपा बर्दाश्त नहीं करेगी। सपा, बसपा और कांग्रेस की सांठगांठ से प्रमोद तिवारी राज्यसभा में पहुंचे हैं। मुजफ्फरनगर दंगे के आरोपी और शामली से भाजपा विधायक सुरेश राणा ने कहा कि किसानों का नारा लगाकर सत्ता में पहुंचने वाली सरकार को ही किसानों की चिंता नहीं है। इस सरकार में किसानों पर गोलियां बरसाईं जा रही हैं। प्रदेश में किसानों का 2300 करोड़ बकाया है। यहां जवानों का तिरस्कार सरकार कर रही है। प्रदेश और देश में अपमान का दौर चल रहा है। इससे निजात दिलाने के लिए राजनीति के भगवान नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार बनेगी तो मुजफ्फनगर दंगे की सीबीआई जांच कराई जाएगी। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि भाजपा कार्यकर्ता रासुका से डरने वाले नहीं है। भाजपा ही किसानों और नौजवानों की बात करती है। उन्होंने भाजपा को महाराणा प्रताप, शिवाजी की संतान बताया।
बिजनौर के विधायक लोकेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि पूरे प्रदेश में स्थिति भयावह है। पश्चिमी उत्तर-प्रदेश में तमाम आंदोलन के बाद चीनी मिलों ने पेराई शुरू की। उन्होंने कहा कि सभी समस्याओें का निदान भारतीय जनता पार्टी ही कर सकती है। धरना और प्रदर्शन को पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री दुर्गा प्रसाद मिश्र, गोरखपुर की मेयर डॉ. सत्या पांडेय, क्षेत्रीय अध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ल, सदर विधायक जन्मेजय सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष मारकंडेय शाही, अनिरुद्ध मिश्र, रवींद्र कुशवाहा आदि ने संबोधित किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जयप्रकाश निषाद और संचालन जिला महामंत्री कृष्णानाथ राय ने किया। इस अवसर पर डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी, सज्जन मणि त्रिपाठी, अवधेश सिंह, नथुनी सिंह कुशवाहा, राधेश्याम शुक्ल, रामदास मिश्र, नवीन सिंह, राजेंद्र विक्रम सिंह, संजीव गुप्त, मनीष गुप्त, अभिषेक जायसवाल, गंगा सिंह कुशवाहा, कुंजबिहारी सिंह, दीवाकर मिश्र, रितावली पांडेय, माया जायसवाल, अनिल मिश्र, सुमंत यादव, अजय तिवारी, अशोक पांडेय, लीलावती विश्वकर्मा, अखिलेश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

गन्ना आंदोलन को प्रदेशव्यापी बनाएंगे डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी
देवरिया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कहा कि गन्ना आंदोलन को प्रदेश व्यापी बनाकर भाजपा ने सड़कों पर उतरने का निर्णय किया है। गन्ना किसानों के साथ प्रदेश सरकार न केवल अन्याय कर रही है, अपितु उनकी गाढ़ी कमाई से उत्पादित गन्ने का वाजिब मूल्य और बकाया गन्ना मूल्य दिलाने में विफल है।
प्रदेश अध्यक्ष सदर विधायक जन्मेजय सिंह के देवगांव स्थित आवास पर पत्रकार वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति को सोनिया और राहुल मिटाने पर तुले हैं। भारत जैसे देश में समलैंगिकता को समर्थन देकर अपने को विदेशी मूल का होने का प्रमाण दे रहे हैं। दोनों लोगों की योजना भारत में विदेशी संस्कृति को स्थापित करने की है, भाजपा ऐसा होने नहीं देगी। मैत्रेय परियोजना की शुरुआत भाजपा ने की थी। मुस्लिम तुष्टिकरण में देश में सबसे आगे चल रही सपा मुसलमानों के कब्रिस्तान की बांउड्री कराने वाली पार्टी को अब भगवान बुद्ध याद आ रहे हैं और वह उनकी प्रतिमा स्थापित करने में लगी है। प्रत्याशियों का चयन क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के मत के आधार होगा। उचित समय पर प्रत्याशियों को चुनाव क्षेत्र में उतार दिया जाएगा। इस दौरान उनके साथ विधायक सुरेश राणा, लोकेंद्र सिंह चौहान, जन्मेजय सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष उपेंद्र शुक्ल, चिरंजीव आदि मौजूद रहे।
पूर्व मंत्री ने मंच से लोस चुनाव लड़ने का ऐलान किया
देवरिया। भारतीय जनता पार्टी देवरिया और कुशीनगर की ओर से आयोजित धरना और प्रदर्शन में वरिष्ठ नेता दुर्गा प्रसाद मिश्र ने लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यह उनका अंतिम चुनाव होगा। भाजपा की ओर से आयोजित धरना और प्रदर्शन कार्यक्रम में पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद मिश्र मंच पर मौजूद थे। संचालक ने उन्हें बोलने के लिए आमंत्रित किया। किसानों की समस्याओं पर उन्होंने कहा कि तीन साल बाद मिलने वाले गन्ना के मूल्य को नगदी फसल कहा जाना हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में धारा 370 पर बहस की मांग उठाई तो कांग्रेस 377 पर बहस शुरू कर दी है। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि विधानसभा के चुनाव 2017 में होंगे। वह विधानसभा का चुनाव लड़ पाएंगे कि नहीं, उनके बेटे चुनाव लड़ेंगे कि नहीं पर वह 2014 का लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। सभा के बाद जब उनसे पूछा गया कि वह कहां से चुनाव लड़ेंगे तो उन्होेंने कुशीनगर जिले की पडरौना लोकसभा सीट का नाम लिया। यह पूछने पर कि यदि पार्टी ने उम्मीदवार नहीं बनाया तो क्या करेंगे? उनका कहना था कि चुनाव लड़ना है तो लड़ना है। पार्टी चाहे टिकट दे या न दे।
राष्ट्रीय एकता दौड़ की दी जानकारी
देवरिया। धरना की समाप्ति के बाद प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही, क्षेत्रीय अध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ल, सदर विधायक जन्मेजय सिंह, विधायक लोकेंद्र सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष जयप्रकाश निषाद, मारकंडेय शाही, राजेंद्र मल्ल, जितेंद्र राव, अजय पांडेय, दुर्गेश पांडेय समेत तमाम नेता और कार्यकर्ता वरिष्ठ नेता नरेंद्र मिश्र उर्फ पप्पू के आवास पर गए। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने रविवार को होने वाले राष्ट्रीय एकता दौड़ के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस दौड़ में अधिक से अधिक लोग शामिल हों। इसका संयोजन नथुनी सिंह कुशवाहा करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें