देवरिया। गुरुवार की सुबह कोतवाली थानाक्षेत्र के पड़री मल्ल गांव के दक्षिण सड़क के किनारे युवक के शव मिलने से सनसनी फैल गई। बाइक सड़क के किनारे पड़ी थी, शव थोड़ी दूर पर पड़ा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस युवक की मौत को दुर्घटना बता रही है जबकि परिवार के लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। परिवार वालों की बात ने पुलिस के माथे पर चिंता की लकीर खींच दी। अब पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
मदनपुर थानाक्षेत्र के पिड़रा गांव निवासी कपिल देव यादव घर से बाइक लेकर निकला। उसने अपने परिवार वालों को बताया कि बैकुंठपुर के पास वह अपने एक मित्र के घर कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा है। तब से उसका मोबाइल बंद हो गया। गुरुवार की सुबह उसकी लाश पड़री मल्ल गांव के दक्षिण दिशा में पाई गई। गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। गाड़ी में मिले कागज से उसकी पहचान हुई। उसके शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं थे। सड़क के किनारे बाइक गिरी थी। इस पर कोई खरोच तक नहीं थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि शव देखकर प्रति हो रहा है कि दुर्घटना के बाद युवक की मौत हुई है। वहीं परिवारवालों का कहना है कि हत्या का शव को ठिकाने लगाया गया है। पुलिस को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।