सलेमपुर। मौसम के मार झेलने के बाद अब किसानों को धान बेचने के लिए क्रय केन्द्रों का चक्कर लगाना पड़ रहा है। अधिकांश क्रय केन्द्रों पर ताला लटके हैं और सचिव का पता नहीं है। गुरुवार को अमर उजाला रिपोर्टर ने भठवा धरमपुर क्रय केन्द्र का हाल जाना तो हकीकत खुल कर सामने आयी। तहसील प्रशासन के रिकार्ड में अभी तक धान खरीद शून्य है। जबकि कुछ केन्द्र प्रभारी व हाटा निरीक्षक धान खरीद की बात बोल रहे लेकिन आंकड़ा बताने में असमर्थता जाहिर कर रहे हैं।
तहसील प्रशासन ने तहसील क्षेत्र में 13 धान क्रय केंद्र बनाए हैं। इसमें सलेमपुर ब्लाक के हाट शाखा, पीसीएफ पुरैना, साधन सहकारी समिति लिमिटेड पांडेयपुर, परसिया भगौती, यूपीए भठवा धरमपुर धान क्रय केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा लार ब्लाक के साधन सहकारी समिति भरौली कुण्डौली, हाटा शाखा लार, पड़री गजराज, साधन सहकारी संघ लिमिटेड लार, भटनी ब्लाक के कर्मचारी कल्याण निगम सल्लहपुर, साधन सहकारी समिति अघैला, साधन सहकारी समिति नोनापार, भागलपुर ब्लाक के साधन सहकारी समिति पिपराबांध, भलुअनी के साधन सहकारी समिति खुखुंदू में धान क्रय केंद्र बनाया गया है। भठवा धरमपुर का क्रय केन्द्र समिति के चौकीदार के घर चलता है। लेकिन वहां न तो बैनर लगा है न ही सचिव का पता है। इसके चलते क्षेत्र के अनुआपार, हरनही, सिसवां पांडेय, भीमपुर आदि गांव के किसानों का धान क्रय नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा पुरैना, पांडेयपार, पड़री गजराज आदि केन्द्रों पर सिर्फ कागज में ही खरीद हो रही है। इस बाबत एसडीएम त्रिभुवन विश्वकर्मा ने बताया कि कई क्रय केंद्रों पर खरीदारी शुरू हो गई है। शिकायत मिलने पर क्रय केन्द्र छोड़ गायब रहने वाले सचिवों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।