रुद्रपुर। पुन्नी साहू चौराहा स्थित दुर्गा पंडाल से शुक्रवार की रात चोरों ने देवी को पहनाए गए सोने के जेवर गायब कर दिए। शनिवार को दिन भर खोजबीन के बाद दो चोराें के पास से जेवर बरामद कर लिए गए। पुलिस चोराें से पूछताछ कर रही है। नगर के पुन्नी साहू चौराहे पर ब्रम्हचारिणी समिति की ओर से मां दुर्गा का प्रतिमा स्थापित किया गया है। भक्ताें ने मां दुर्गा को सोने के आभूषणाें को पहनाया है। शुक्रवार की रात समिति के सदस्याें के सो जाने के बाद चोराें ने प्रतिमा से जेवर उतार लिए। सुबह जब भक्ताें ने पूजा अर्चन के दौरान जेवर को गायब देखा तो दंग रह गए। चोरी की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, पर सफलता हाथ नहीं लगी। इसी दौरान दो युवक आभूषण देवरिया बेचने के फिराक में जा रहे थे। इस बात की सूचना समिति के सदस्याें को लग गई। उन्होंने बैरिया घाट चौराहे के समीप चोराें को पकड़ कर धुनाई शुरू कर दी। चोराें ने जेवर को सड़क के किनारे झाड़ियाें में फेंक दिया। करीब दो घंटे खोजने के बाद जेवर बरामद हुए। कोतवाली प्रभारी विक्रम सिंह ने कहा कि चोरी हुए जेवर बरामद कर लिए गए है। पुलिस चोराें के पूछताछ कर रही है।