जिले को मिले 94 सिपाही, एसपी ने ली पासिंगआउट परेड की सलामी
देवरिया। छह माह के प्रशिक्षण के बाद 94 रिक्रूट शुक्रवार को सिपाही बन गए। इनकी पुलिस लाइन में पासिंग आउट परेड हुई। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने परेड की सलामी ली। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन का पाठ पढ़ाया।
पुलिस लाइन में प्रशिक्षणरत 94 आरक्षियों की 6 माह के सफल प्रशिक्षण के बाद रिक्रूट आरक्षियों के दीक्षांत परेड में मुख्य अतिथि एसपी को अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बुके देकर स्वागत किया। प्रेक्षा गृह में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। एसपी ने भारतीय विधान के प्रति विश्वास एवं सच्ची राजभक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान जो गुर सिखाए गए हैं, उसका उपयोग देश की सेवा होना चाहिए। हम सभी का दायित्व समाज की सुरक्षा और सेवा करना है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षुओं को अंत: एवं बाह्य विषयों के प्रशिक्षण में विभिन्न प्रकार के नियमों एवं कानूनों की जानकारी दी जाती है। प्रशिक्षुओं को फील्ड में जनता से उच्च कोटि का व्यवहार एवं ईमानदारी से अपने कर्तव्य का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया। ट्रेनिंग के दौरान प्रशिक्षकों द्वारा बताए गये मार्ग पर चलने की सलाह दी गई। आंतरिक एवं बाह्य विषयों मे उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को व उनके समस्त प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी श्रीयश त्रिपाठी प्रतिसार निरीक्षक प्रकाश चंद्र पांडे प्रभारी आरटीसी रामानंद यादव आदि उपस्थित रहे।