देवरिया। पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने आरक्षी भर्ती-2023 के तहत जिले से चयनित 917 अभ्यर्थियों को लखनऊ के लिए शनिवार को रवाना किया। उन्हें रविवार को लखनऊ में नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। लखनऊ रवाना किए जाने से पहले पुलिस लाइन में ब्रीफिंग कर चयनित अभ्यर्थियों एवं ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मियों एवं बस चालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आरक्षी नागरिक पुलिस के 60,244 पदों पर सीधी भर्ती-2023 के अंतर्गत जनपद से चयनित कुल 917 अभ्यर्थियों (783 पुरुष, 134 महिलाएं) को लखनऊ में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री एवं मुख्यमंत्री नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इसको लेकर शनिवार को पुलिस लाइन में चयनित अभ्यार्थियों को लखनऊ रवाना करने से पहले पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने ब्रीफिंग की। ब्रीफिंग में चयनित अभ्यर्थियों, उनके परिवहन के लिए निर्धारित बस चालकों, ड्यूटी में नामित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य सहयोगी स्टाफ को यात्रा व्यवस्था, सुरक्षा, अनुशासन तथा समयबद्ध संचालन से संबंधित दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को उनकी सफलता पर शुभकामनाएं दी। कहा कि यह अवसर उनके जीवन में एक नए दायित्व और कर्तव्यबोध की शुरुआत है।
उन्होंने सभी से अपेक्षा की कि वे पुलिस सेवा में ईमानदारी, निष्ठा एवं सेवा भाव के साथ कार्य करेंगे तथा उत्तर प्रदेश पुलिस की गरिमा को और ऊचाइयों तक पहुंचाएंगे। ब्रीफिंग के बाद पुलिस अधीक्षक ने चयनित अभ्यर्थियों को लेकर लखनऊ जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक तथा नियुक्ति प्रक्रिया में सहयोगी स्टाफ मौजूद रहे।