देवरिया के डिप्टी जेलर समेत चार जेल कर्मी निलंबित
जेल अधीक्षक और जेलर पर भी होगी कार्रवाई
कारोबारी की जेल में पिटाई का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। रियल एस्टेट कारोबारी मोहित जायसवाल का अतीक के गुर्गों द्वारा अपहरण कराकर जेल में पिटाई के मामले में देवरिया के डिप्टी जेलर देवकांत यादव समेत चार जेल कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पांडेय और जेलर मुकेश कटियार के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इस बड़ी कार्रवाई के बाद जेल महकमे में खलबली मच गई है।
गोरखपुर के वरिष्ठ जेल अधीक्षक रामधनी की जांच रिपोर्ट के आधार पर अपर महानिरीक्षक जेल डॉ. शरद ने यह कार्रवाई की। इसकी जद में आए जेल कर्मियों में डिप्टी जेलर देवकांत यादव के अलावा हेड वार्डर मुन्ना पांडेय, वार्डर राकेश कुमार शर्मा और रामआसरे का नाम शामिल है। बता दें कि लखनऊ के कारोबारी मोहित की ओर से केस दर्ज कराए जाने के बाद शासन ने मामले की जांच के लिए गोरखपुर जेल के वरिष्ठ अधीक्षक को देवरिया जेल भेजा था। करीब चार घंटे जांच के बाद उन्होंने उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी। इसके आधार पर सोमवार को यह कार्रवाई हुई।
---