- सामान्य से अलग दवा दिखने होने पर सीएमएस ने दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। बुखार में बच्चों को दी जाने वाली पैरासिटामाल का वितरण जिला अस्पताल में रोक दिया गया है। दवा की वैधता पर संदेह जताते हुए सीएमएस ने यह निर्देश दिए हैं। उन्होंने दवा की आपूर्ति देने वाली फर्म को भी इस बारे में अवगत कराते हुए दवा बदलने को कहा है। जिला अस्पताल में वाराणसी की एक फर्म ने पैरासिटामाल की आपूर्ति की है। बताते हैं कि 300 फाइल दवा की शीशी अस्पताल में आई है। गुरुवार को वितरण के दौरान दवा की शीशी सामान्य से अलग दिखी। शीशी के अंदर कोई अलग पदार्थ दिख रहा था। बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर सीएमएस ने ऐहतियात के तौर पर इसका वितरण रोकवा दिया। सीएमएस डॉ.छोटेलाल ने बताया कि संबंधित फर्म को पत्र लिखकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही दवा की खेप को तत्काल हटाते हुए नई दवाएं भी देने को कहा गया है। नई खेप आने तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत काम चलाया जा रहा है।
---
छात्र के अपहरण के मामले में नहीं दर्ज हुआ केस
लार। छात्र के अपरहण के प्रयास के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। पुलिस सीसी टीवी फुटेज में कैद युवती की तस्वीर की पहचान करने में जुटी है। लार नगर के फतेहनगर वार्ड के सभासद अताउर्रहमान का 7 वर्षीय बेटा मोहमद राफे भरटोलिया वार्ड के मदर कांवेंट प्ले स्कूल में यूकेजी में पढ़ता है। दो दिन पूर्व स्कूल पर युवती पहुंची और राफे का परिजन बताते हुए जरूरी कार्य हेतु उसे घर ले जाने की बात कही। संदेह होने पर स्कूल के शिक्षक ने पूछ ताछ करना शुरू किया तो वह भाग गई। जानकारी होने पर स्कूल में पहुंची पुलिस सीसी टीवी फुटेज में कैद युवती के तस्वीर को देख, इसकी पहचान करने में जुट गई है। एसओ राजेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। छानबीन की जा रही है।