पुलिस लाइंस में अयोजित योग दिवस पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही व अन्य लोगो ने योग किया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग एवं योगाभ्यास के प्रति शहर के लोगों में गजब की जागरूकता दिखी। बृहस्पतिवार की भोर से ही शहर के पार्कों में महिला-पुरुष, युवा एवं छात्र जुटने लगे। एनसीसी शिविर, विभिन्न स्कूल-कॉलेजों, एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने भी योग के विभिन्न आसनों को करके अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक किया।
बीआरडी इंटर कॉलेज में 49वीं बटालियन एनसीसी शिविर में 600 एनसीसी कैडेटों ने अपने कमांडिंग आफिसर के नेतृत्व में योग किया। योग प्रशिक्षक पंकज ने प्रशिक्षणार्थियों को योगाभ्यास कराया और इसकी बारीकियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि योग हजारों साल पुरानी भारतीय संस्कृति का हिस्सा है। इस दौरान कर्नल यासिर खान, कर्नल एलके अग्रवाल, कैप्टन भरत यादव, प्रमोद सिंह, डॉ. राजेश मिश्र आदि मौजूद रहे। इसमें 52वीं बटालियन के 304 कैडेट ने भी हिस्सा लिया। इस बटालियन के कर्नल यूएस उदावत ने कहा कि स्वस्थ रहना है तो योग करना ही होगा। कॉलेज के प्रधानाचार्य रमेश सिंह ने कहा कि यह हमारे दैनिक जीवन जरूरी हिस्सा है। न्यू कॉलोनी के पं. दीनदयाल उपाध्याय पार्क में योग शिविर का शुभारंभ नपाध्यक्ष अलका सिंह ने किया। इसके अलावा जवाहर फिजियोथिरेपी एवं दिव्यांग पुनर्वास रिसर्च सेंटर, ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक, गंगा प्रसाद इंटर कॉलेज मझगांवा, कृषक इंटर कॉलेज बलटिकरा, अलखा महिला महाविद्यालय फुलवरिया लच्छी और उर्मिला विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के शिक्षकों ने मिलकर योग किया। इसके अलावा एलआईसी के एक व दो शाखा कार्यालय कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने विकास वाहिनी की उपस्थिति में योगाभ्यास किया। शाखा दो के मुख्य प्रबंधक अजय श्रीवास्तव ने इसका उद्घाटन किया। गुरुकुल मिशन स्कूल प्रांगण में क्रीड़ाशिक्षक गौतम पांडेय की देखरेख में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न आसनों का अभ्यास किया।
जेल में 800 कैदियों ने किया योगाभ्यास
जिला कारागार में बृहस्पतिवार को योग दिवस मनाया गया। इसमें 800 से अधिक पुरुष एवं महिला कैदियों ने हिस्सा लियास। योग प्रशिक्षक आशुतोष सिंह और दीपू मद्धेशिया ने पुरुष एवं सुनीता दूबे व रांजलि तिवारी ने महिला बंदियों को विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया। शिविर में जेल अधीक्षक डीके पांडेय, कारापाल बीके त्रिवेदी, उपकारापाल सुनील कुमार, राजेश कुमार के अलावा जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ.एसके सिंह, डॉ.लक्ष्मण प्रसाद आदि मौजूद रहे।