बरहज। नगर पालिका के तीन मंजिला कार्यालय और पूर्व सांसद स्व. मोहन सिंह पार्क का शुक्रवार को चेयरमैन उमाशंकर सिंह विशेन ने लोकार्पण किया। तीन मंजिला पालिका कार्यालय सवा तीन करोड़ की लागत से बना है, जबकि स्व. मोहन सिंह पार्क के निर्माण में 60 लाख रुपये खर्च हुए हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष उमाशंकर सिंह विशेन और अधिशासी अधिकारी अवधेश सिंह ने कार्यालय, पार्क सहित स्व. मोहन सिंह की मूर्ति का अनावरण किया। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि पूर्व सांसद मोहन सिंह समाज सचेतक थे। उनकी स्मृति में बना यह पार्क हमें उसी राह पर चलने की प्रेरण देगा। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि पार्क में फव्वारा, झूला, बैठने के लिए कुर्सी, हरियाली घास और फूल-पत्तियां लगाई गई हैं। उसमें सांसद स्व. मोहन सिंह की मूर्ति स्थापित की गई है। सवा तीन करोड़ से तीन मंजिला कार्यालय का निर्माण हुआ है। जिसमें एक बेसमेंट और ऑफिस के लिए बने कमरे आदि के अलावा अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस दौरान जेई अमरदीप मौर्या, जोखन राम, आनंद सिंह, मनोज कुमार, मुन्ना सिंह, अनूप साहा, महेश यादव, लवकुश विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे।