मौत पर हौली बलिया में रोते बिलखते दिनेश के परिवार के लोग
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर, एकौना। मदनपुर थाने के टड़वा गांव के रहने वाले हियुवा नेता मनोज सिंह और उनके साथी एकौना थाना क्षेत्र के हौली बलिया गांव के दिनेश जायसवाल की सोमवार की रात मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई। गाड़ी में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा है। सभी लोग कुशीनगर, हाटा में एक शादी समारोह से रात करीब एक बजे घर लौट रहे थे। इस दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। गाड़ी खुद मनोज सिंह चला रहे थे।
मनोज सिंह (45) निजी चार पहिया वाहन से अपने मित्र दिनेश जायसवाल के साथ एक शादी में शरीक होने हाटा गए थे। लौटते समय उनकी गाड़ी में मनीष जायसवाल और हरेंद्र सिंह भी बैठ गए। हाटा से गौरीबाजार मार्ग पर अचानक गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोर से हुई की गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी चला रहे मनोज और दिनेश जायसवाल के सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। गाड़ी में बैठे मनीष और हरेंद्र भी गंभीर रूप से घायल हो गए। मनोज के निधन का समाचार सुनते ही लोगों का उनके गांव टड़वा में तांता लग गया। दोनों परिवार में कोहराम मचा है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। हियुवा नेता के निधन पर बांसगांव के भाजपा सांसद कमलेश पासवान, राज्य मंत्री जयप्रकाश निषाद, हियुवा नेता नीरज शाही, दीपक सिंह गब्बू, अतुल सिंह आदि ने शोक व्यक्त किया है।