रहकोल घाट पर अवैध खनन कर लगा बालू का ढेर।
- फोटो : अमर उजाला
एकौना। करहकोल घाट पर अवैध खनन के लिए राप्ती नदी के इस पार और उस पार के बालू माफियाओं में वर्चस्व की लड़ाई शुरू हो गई है। बुधवार की रात राप्ती नदी के उस पास से आकर बालू निकाल रहे लोगों और इस पार के खनन माफियाओं में हवाई फायरिंग हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दौरान करीब दस राउंड फायरिंग हुई।
एकौना पुलिस फायरिंग से इन्कार कर रही है। करहकोल घाट बांध पर दुकान करने वालों के अनुसार रात करीब दस बजे गोरखपुर जिले के गगहा क्षेत्र का बालू माफिया नदी से बालू निकलवा रहे थे। इस दौरान इधर से असलहाधारी लोगों ने बंधे पर खड़े होकर फायरिंग शुरू कर दी। कई राउंड गोलियां तड़तड़ाई। गोलियों की आवाज से दुकानदार दहशत में आ गए। अचानक इस पार से हवाई फायरिंग शुरू हो जाने से नदी से बालू निकाल रहे गगहा क्षेत्र के लोग भागने लगे। करहकोल घाट पर खनन के रोक के बावजूद बालू माफियाओं का दबदबा बना हुआ है। यहां रातभर खनन होता है। घाट पर खनन कर बालू का ढेर लगाया गया है। बालू माफियाओं में खूनी संघर्ष की आहट से नदी के तटवर्ती गांवों में दहशत का माहौल है। अवैध खनन को रोकने में पुलिस और प्रशासन के रूचि नहीं लेने से गांव के लोग नाराज हैं। एकौना के थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने कहा कि फायरिंग की जानकारी नहीं मिली है। अवैध बालू खनन करने वालों को चिंह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।