नीलांबुज मिश्र
देवरिया। शहर की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखने के लिए एसपी ने नई पहल शुरू की है। बीट रजिस्टर जांच के लिए एसपी कार्यालय आने वाले सिपाहियों को एक दिन शहर में ड्यूटी बजानी पड़ेगी। ऐसे 18 सिपाहियों को रिजर्व में रखा जाएगा। जरूरत के हिसाब से इनकी ड्यूटी लगाई जाएगी।
पुलिसकर्मियों की कमी से शहर की सुरक्षा व्यवस्था थोड़ी ढीली पड़ रही है। इसकी वजह से छोटी-छोटी घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। एसपी ने इससे निपटने के लिए एक फरमान जारी किया है। जिले में तीन कोतवाली 15 थाना है। प्रत्येक दिन एक थाने का सिपाही एसपी कार्यालय बीट रजिस्टर जांच कराने के लिए आएंगे। बीट रजिस्टर जांच के बाद शहर में 18 सिपाहियों को ड्यूटी देनी होगी। सदर कोतवाली नीतीश श्रीवास्तव की देखरेख में सिपाही सुरक्षा का कमान संभालेंगे। इसके अलावा बड़ी घटना होने पर इनका सहयोग लिया जाएगा। रात को क्राइम प्वाइंटों पर यह सिपाही मुस्तैद रहेंगे। इससे जहां कार्यों के बोझ तले दबी सदर कोतवाली पुलिस को राहत मिलेगा। वहीं बैंक और सार्वजनिक स्थलों तथा धार्मिक स्थानों की सुरक्षा बढ़ जाएगी। इस थीम पर सोमवार से शहर में काम शुरू हो गया है। एसपी राकेश शंकर ने बताया कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए हॉक मोबाइल टीम का गठन किया गया है। आज से इसकी शुरुआत हो गई है। प्रयास है कि अपराधी या तो जेल में रहे। नहीं तो जिला छोड़कर चले जाएं।