देवरिया। बघौचघाट के स्कूल में पढ़ने वाले छात्र को स्कूल में सर्प ने डंस लिया। स्कूल के लोग उसे लेकर जिला अस्पताल आए। यहां स्थिति गंभीर देखकर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। कुशीनगर के पटहेरवा थानाक्षेत्र के भठवा गांव के रहने वाले एजाज का 10 वर्षीय बेटा तनवीर बघौचघाट थानाक्षेत्र के नरायनपुर कोठी के महर्षि वाल्मिकी सरस्वती विद्या मंदिर में तीसरी कक्षा में पढ़ता है। मंगलवार की सुबह वह स्कूल आया। कक्षा में पढ़ने के दौरान ही सर्प ने उसे डंस लिया। आनन-फानन में स्कूल के लोग उसे लेकर देवरिया जिला चिकित्सालय लाए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, स्कूल से सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग भी जिला अस्पताल पहुंचे। यहां से सभी साथ में गोरखपुर गए।