सलेमपुर। किसी बात को लेकर नगर के एक प्राइवेट डॉक्टर की बेटी ने फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसकी जानकारी होते ही मोहल्लेवालों की भीड़ जुट गई। नगर के लोहिया नगर निवासी डॉ. एमडी कुशवाहा सोहनाग रोड में निजी क्लीनिक चलाते हैं। क्लीनिक पर उनकी 20 वर्षीय बेटी आंचल रहती थी और पिता के कार्यों में हाथ बंटाती थी। शुक्रवार वह क्लीनिक पहुंचीं। करीब आधे घंटे रुकने के बाद वह घर वापस चली गई। घर पर मौजूद छोटा भाई पिता के लिए घर से भोजन लेकर क्लीनिक पर चला आया और मां घर पर नहीं थी। घर में अकेले मौजूद आंचल घर के अंदर छत की कुंडी में दुपट्टा से फंदा लगाकर लटक गई। छोटा भाई जब घर गया तो दरवाजा बंद देख बहन को आवाज दिया। जवाब नहीं मिलने पर जबरन फाटक खोला और अंदर गया तो उसकी बहन की लाश छत की कुंडी से लटक रही थी। यह देख वह दंग रह गया और शोर मचाया। पिता को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।