रुद्रपुर। बाढ़ का दर्द झेल रहे लोगों में अब राहत पैकेट को लेकर मारामारी मची है। मांग के मुताबिक राहत पैकेट की उपलब्धता नहीं होने से दुश्वारियां बढ़ती जा रही हैं। करीब दो लाख की बाढ़ पीड़ितों की आबादी में महज आठ हजार पैकेट बांटे जा चुके हैं। नरायनपुर गांव में राहत पैकेट को लेकर दो खेमे में बंटे लोगों में मारपीट हो गई। लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया।
नरायनपुर गांव में वितरण करने को राहत पैकेट पहुंचा। सीमित मात्रा में राहत पैकेट देख बाढ़ पीड़ित टूट पड़े। दूसरे टोले के लोग एकजुट होकर ट्रक से राहत पैकेट उतारने लगे। दोनों गुट में बंटे गांव वाले मारपीट करने लगे। दो युवक घायल हो गए। इस दौरान मौके पर लेखपाल और सेक्रेट्री बेबस दिखे। रुद्रपुर में आई बाढ़ को देखते हुए प्रशासन बाढ़ पीड़ितों में राहत पैकेट बंटवाने में लगा है। सप्लायर को भुगतान नहीं होने की दशा में उसने मंगलवार की दोपहर तक राहत पैकेट नहीं भेजा। जिससे गांवों में राहत पैकेट नहीं भेजे गए। पहले की खेप में आए राहत पैकेट कम मात्रा में गांवों में भेजे गए। जिसको देखते ही लोग छीनाझपटी में लग गए। गांवों में नाव से राहत पैकेट जाने पर लोग नाव से लेकर कूद जा रहे। ऐसे में घटना होने की संभावना बनी है। तहसीलदार सूर्यभान गिरी ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों में राहत पैकेट पर्याप्त मात्रा में भेजने का प्रयास किया जा रहा है।