मेहरौनाघाट। कस्बा के एक मोहल्ले में मां-बेटी की चोटी कटने का मामला सुबह आग की तरह बाजार में फैल गया। रात में सोते समय दोनों की चोटी कट गई। सुबह नींद खुलने पर इसकी जानकारी हुई। खबर मिलते ही मोहल्ले वालों की भीड़ दरवाजे पर जुट गई। चोटी कटने की घटना लोगों के बीच कौतुहल का विषय रहा, जबकि पुलिस इसे महज अफवाह मान रही है। इसकी चर्चा पूरे दिन लोगों के बीच रही ।
लार नगर के बाजार वार्ड में मोती मस्जिद के समीप वसीम की पत्नी शबाना और बेटी तस्मिना रोज की तरह खाना खाने के बाद कमरे में सोने चली गईं। सुबह नींद खुली तो बिस्तर पर कटा हुआ चोटी मिला। यह देख मां-बेटी दंग रह गईं और शोर करने लगीं। यह खबर आग की तरह बाजार में फैल गई। घर मौजूद लोग शबाना से चोटी कटने की जानकारी करने में लगे रहे। दोपहर तक दरवाजे पर लोगों का हुजूम लगा रहा। लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को भी दी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इस घटना को लेकर घर वाले भयभीत हैं और झाड़-फूंक का सहारा ले रहे हैं। लार थानाध्यक्ष भीष्मपाल सिंह ने बताया कि चोटी कटने की घटना अफवाह है। बेवजह लोग इसे तूल दे रहे हैं। ऐसी घटनाओं पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।