देवरिया। अतिक्रमण के कारण मालवीय रोड से गुजरना मुश्किल हो गया है। दुकानदार ने सामान सड़क तक फैला दिया है, जबकि बैंक के ग्राहक डिवाइडर के दोनों तरफ वाहन खड़ी कर देते हैं। इसके कारण राहगीरों को दुश्वरियां झेलनी पड़ रही है। नगर पालिका परिषद और ट्रैफिक पुलिस पहल नहीं कर रही है।
शहर के सुभाष चौक से आरएलबीएल तिराहे तक सड़क के दोनों तरफ दुकानें हैं। ओवरब्रिज के बाई तरफ बर्तन के दुकानदारों ने नाली से आगे बढ़ कर सामान रख दिया गया है। ट्रैफिक का दबाव बढ़ने से आवागमन में दिक्कत हो रही है। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के बाहर सड़क पर गाड़ी खड़ी दिखी। सोमवार को राहगीर समस्या से जूझते दिखे। चार पहिया वाहनों को ओवरब्रिज की तरफ जाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। कुछ दूर पर ट्रैफिक पुलिस की पिकेट है, लेकिन बाइक हटाने में रूचि नहीं दिखाई। बजाजी रोड और पेड़ा गली को जोड़ने वाली जगह यानी ओवरब्रिज के नीचे पॉर्किंग स्थल में ठेला और गुमटी दिखे। धर्मशाला परिसर के दुकानदारों ने सामान को सड़क तक फैलाए थे। इसके चलते दो पहिया चालकों को दिक्कत झेलनी पड़ी।
बातचीत
दुकानदार सुनील गुप्त ने बताया कि दो पहिया खड़ा करने में मशक्कत करनी पड़ती है। पॉर्किंग में खाने पीने की दुकान सज गई हैं। कई बार शिकायत की गई है लेकिन समस्या बरकार है।
---
भीमपुर के मुन्ना तिवारी ने कहा कि ओवरब्रिज के सर्विस लेन से गुजरना मुश्किल है। हालत यह है कि एक साथ दो लोग नहीं निकल सकते हैं। बिजली के खंभा की आड़ में जनरेटर रख दिया गया है।
--
दुकानदार दुर्गेश सिंह ने बताया कि बैंक में पॉर्किंग नहीं है। इसके कारण सड़क पर जाम लग जाता है। कई बार तो विवाद भी हो चुका है लेकिन जिम्मेदार समस्या को दूर नहीं कर रहे हैं।
--
सिंधी मिल कॉलोनी निवासी वेद पांडेय ने कहा कि अतिक्रमण और वाहनों के बेतरतीब खड़ा होने से गुजरना मुश्किल हो जाता है। कई बार 15 मिनट से अधिक समय निकलने में लग जाता है।