सोहनपुर बाजार में तनावपूर्ण शांति
भाटपाररानी। बनकटा थाना के सोहनपुर युवक की गोली मारकर हत्या के बाद तनाव पूर्ण शांति बनी हुई है। गांव में पीएससी तैनात कर दी गई है। रविवार की रात 12 बजे युवक का शव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। मां और पत्नी का रो रोकर बुरा हाल था। बनकटा थाना क्षेत्र के सोहनपुर गांव में शनिवार को युवक बृजेश चौरसिया की गोली मार दी गई थी। इलाज के दौरान पीजीआई लखनऊ में उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद रविवार की रात्रि 12 बजे शव आते ही परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। उसका अंतिम संस्कार बिहार के गुठनी थाना अंतर्गत गयासपुर घाट पर सोमवार को कर दिया गया। शव को मुखाग्नि बड़े भाई लालवचन चौरसिया ने दिया। बृजेश चौरसिया छत्तीसगढ़ में भवन निर्माण का काम करता था। एक माह पहले गांव आया था। बीडीसी चुनाव में उसने मां बसंती देवी को मैदान में उतारा था। इस बात को लेकर उसकी कुछ लोगों से अदावत चल रही थी।
घर का ताला तोड़कर डेढ़ लाख की चोरी
भाटपाररानी। रामपुर लिटिहा वार्ड-2 में कैलाश प्रसाद के घर का ताला तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण सहित डेढ़ लाख रुपये का सामान उठा ले गए। कैलाश ने सोमवार सुबह थाने पर जाकर घटना की तहरीर दी। पुलिस जांच कर रही है। कैलाश प्रसाद वर्ष 2005 से मकान बनाकर रामपुर लिटिहा में रह रहे हैं। वह 7 जुलाई की रात पैतृक गांव खरोहवा ठाकुर माता के दाह संस्कार में सपरिवार चले गए थे। सोमवार को वापस लौटे तो मकान का ताला टूटा था। घर का सारा सामान तितर-बितार था। आलमारी में रखा सोने चांदी का आभूषण, 10 हजार रुपये नगद, टीवी, मोटर पंप आदि सामान चोर उठा ले गए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की।
ईंट-भट्ठे पर छापामारा
भाटपाररानी। खामपार थाना के भिंगारी बाजार के पास स्थित ईंट-भट्ठे पर सोमवार को एसडीएम के नेतृत्व में छापेमारी की गई। इस दौरान टीम ने 10 कुंटल लहन, 53 लीटर कच्ची शराब तथा 6 अभियुक्तों को पकड़ा। पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया। टीम में नायब तहसीलदार अरूण वर्मा, आबकारी निरीक्षक, खामपार थाना प्रभारी मौजूद रहे।