भलुअनी। शौच करने अकेली जा रही युवती को दो बाइक पर सवार पांच युवकों ने अगवा कर गैंगरेप किया। मुंह पर कपड़ा बांधे दरिंदे युवती से बारी-बारी से मुंह काला किया। बुधवार की भोर में होश आने पर घर पहुंची युवती ने आपबीती सुनाई। सूचना मिलते ही आनन-फानन में एडिशनल एसपी घटनास्थल पर पहुंचे। पीड़ित के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने पांच अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। युवती को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
भलुअनी थाने के एक गांव में युवती चाचा के घर रहती है। पिता मुंबई में काम करते हैं। दो साल पहले कैंसर से पीड़ित मां का निधन हो गया। मंगलवार की देर शाम शौच के लिए वह खेत जा रही थी। अंधेरे में युवती को अकेली देखकर बाइक पर सवार पांच युवकों ने उसे अगवा कर लिया। चूंकि उस वक्त सुनसान था, इसलिए शोर मचाने पर किसी ने नहीं सुना। दरिंदे उसे गांव से एक किलोमीटर दूर बागीचे में ले गए। पांचों ने उसके साथ मुंह काला किया। होश में आने पर रोते बिलखते युवती पास के गांव में मदद की गुहार लगाई। किसी ने इसकी सूचना पुलिस और उसके घर पर दी। मौके पर पहुंचे एडिशनल एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि पीड़ित के चाचा की तहरीर पर पांच अज्ञात युवकों के खिलाफ रेप का केस दर्ज किया गया है। चूंकि युवकों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था, इसलिए युवती आरोपियों का हुलिया नहीं बता पा रही है। मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही दरिंदों को पकड़ लिया जाएगा।