- जिले के समस्त थानों पर किया गया समाधान दिवस का आयोजन
देवरिया। जिले के समस्त थानों पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समस्त थानों पर राजस्व के अधिकारी एवं पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे, उनके द्वारा जनता की समस्याओं को सुना गया। संयुक्त रूप से राजस्व व पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंच कर कई समस्याओं का निस्तारण भी कराया गया। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दीपेंद्र नाथ चौधरी थाना कोतवाली में जनसमस्याओं को सुना। इसके क्रम में थाना कोतवाली में पांच प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इसमें प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम का गठन कर संबंधित को उचित दिशा निर्देश दिये गए।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने भटनी थाने पर जन समस्याओं को सुना। यहां कुल 5 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, इसमें से एक प्रार्थना पत्र का निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम का गठन कर संबंधित को उचित दिशा-निर्देश दिए गए। समाधान दिवस के अवसर पर जनपद के समस्त थानों पर कुल 84 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, इसमें 30 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम का गठन कर संबंधित को उचित दिशा निर्देश दिए गए।
बरियारपुर प्रतिनिधि के अनुसार बरियापुर थाने पर एसओ डॉ. महेंद्र कुमार के नेतृत्व में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। एसओ ने बताया कि कुल दो जमीनी विवाद के मामले आए थे। जिसमें एक मामले का निस्तारण किया गया और एक मामले को राजस्व कर्मियों के साथ टीम बना कर मौके पर निस्तारण के लिए भेजा गया है।
बरहज प्रतिनिधि के अनुसार थाना परिसर में एसडीएम अंगद यादव और सीओ आदित्य कुमार गौतम ने फरियाद सुना। खराब मौसम के कारण दिवस में फरियादियों का टोटा रहा। इंस्पेक्टर राहुल सिंह की अध्यक्षता में दिवस की कार्रवाई शुरु की गई। जिसमें एसडीएम और सीओ ने फरियाद सुना। मौके पर राजस्व के तीन और पुलिस का एक मामला आया। अधिकारियों ने राजस्व और पुलिस के एक-एक मामले का निस्तारण कर दिया। सुबह से आसमान में छाए काले बादल और रुक-रुक कर हुई बारिश के कारण थाना परिसर में फरियादियों में कमी देखी गई।
-
पैतृक जमीन पर मेरा पट्टीदार नहीं बनाने दे रहे हैं मकान
सलेमपुर। मैडम! मेरे पट्टीदार मेरी पैतृक जमीन पर मकान नहीं बनवाने दे रहें हैं। मैं बहुत गरीब हूं मुझे न्याय दिलवा दीजिए न... महिला की बात सुनकर एसडीएम दिशा श्रीवास्तव भाऊक हो उठीं और बोली अम्मा आपको जरूर न्याय मिलेगा आप परेशान मत होई...। उसके बाद एसडीएम ने दूसरे पक्ष को भी बुलाकर सुनी और राजस्व निरीक्षक व हल्का लेखपाल को मौके पर पहुंचकर समस्या का निदान करने को कहा।
एसडीएम दिशा श्रीवास्तव की अध्यक्षता में शनिवार को कोतवाली थाना में समाधान दिवस चल रहा था। इसी बीच तिवारी ठेंगवल गांव निवासी दुर्गावती देवी पत्नी हरेराम कुशवाहा पहुंची और बोली मैडम मैं बहुत गरीब और असहाय हूं मेरे पट्टीदार मेरी पैतृक जमीन पर निर्माण करने में व्यवधान उत्पन्न कर रहा है। प्लीज मुझे मेरी जमीन चिन्हित करा दीजिए ना ताकी मैं अपना मकान बनवा सकू। खुखुंदू थाना क्षेत्र के नरंगा गांव की रहने वाली सरमावती देवी पत्नी रामनाथ ने एसडीएम को पत्र देकर बताया कि सलेमपुर बस स्टेशन के समीप उसका दुकान है। जिसे फर्जी तरीके से कुछ लोग बैनामा कराकर कब्जा करना चाह रहे हैं। मझौलीराज नगर के मुन्ना प्रसाद ने एसडीएम को पत्र देकर खतौनी फसली में अपने पिता का सही नाम राजबंशी संशोधन कराने की मांग की। इसके अलावा अन्य कई मामले आए। जिसके निस्तारण हेतु एसडीएम ने हल्का लेखपाल कानूनगो को सौंपा। एसडीएम ने कहा कि किसी भी दशा में फरियादियों की समस्याओं की अधिकारी अनदेखी न करें। लापरवाह अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। राजस्व विभाग व पुलिस कर्मी एक साथ मिलकर पीड़ितों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर सकते हैं।