बॉक्स में अच्छे से लगाएं
गिरा मिला गहनों से भरा बैग पुलिस को सौंपा
विकास और प्रभाकर की ईमानदारी को लोगों ने सराहा
अमर उजाला ब्यूरो
सलेमपुर। आज जहां लोग पैसे की भूख में एक-दूसरे के खून के प्यासे हो रहे हैं, वहीं दो युवकों ने सड़क पर लावारिस पड़ा गहनों से भरा बैग पुलिस को सौंपकर ईमानदारी की मिसाल पेश की है। बैग में चांदी की तीन दर्जन पायल, 64 बिछिया, दो पॉजेब थी। इसकी कीमत 50 हजार रुपये से भी अधिक आंकी जा रही है। युवाओं के इस कदम की हर कोई सराहना कर रहा है।
लार के पांडेयपुर गांव निवासी किशोर प्रसाद बीएसएफ के जवान हैं। सोमवार की देर शाम उनका बेटा विकास अपने दोस्त प्रभाकर विश्वकर्मा (उम्र 20-22 वर्ष) के साथ बाजार करने नवलपुर चौराहे पर आया था। लौटते समय नवलपुर-लार मार्ग पर सहला गांव के पास सड़क पर एक बैग गिरा मिला। दोनों ने बैग उठाया तो अंदर गहने देख अवाक रह गए। दोनों साथियों ने काफी देर तक सड़क पर इंतजार किया। कोई जब बैग खोजने नहीं आया तो वह घर चले आए। मंगलवार की सुबह उन्होंने प्रधान जवाहर लाल प्रसाद को इसकी सूचना दी। परान छपरा के प्रधान प्यारेलाल, पड़री तिवारी के प्रधान रामप्यारे यादव के साथ वह कोतवाली पहुंचकर कोतवाल सीपी जैैसल को गहनों से भरा बैग सौंप दिया। इस बाबत कोतवाल ने युवाओं की सराहना की और कहा कि बैग जिसका है, उसका पता लगाया जा रहा है। वास्तविक व्यक्ति को बैग सौंप दिया जाएगा।